






आजमगढ़। सोशल मीडिया से मिले सुसाइड अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई कर एक युवती की जान बचाने वाले थाना सिधारी के उपनिरीक्षक जावेद सिद्दिकी को सम्मानित किया गया।
दिनांक 03 अप्रैल 2026 को थाना सिधारी क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया था। इस पर मेटा कंपनी से अलर्ट प्राप्त होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और महज 8 मिनट में मौके पर पहुंच गई। वहां युवती बेहोशी की हालत में मिली, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई गई।
उपचार के बाद पुलिस ने युवती की काउंसलिंग भी की, जिस पर उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
इस सराहनीय कार्य के लिए दिनांक 07 अप्रैल 2026 को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उपनिरीक्षक जावेद सिद्दिकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया से मिलने वाले ऐसे संवेदनशील अलर्ट पर आजमगढ़ पुलिस तत्परता से कार्रवाई कर मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
