






आजमगढ़ पटवध से बबलू राय : जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट में मंगलवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार और गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जोकहरा निवासी आदित्य राजभर (18) पुत्र लक्ष्मण राजभर अपनी बुलेट बाइक से घरेलू सामान लेने लाटघाट बाजार जा रहा था। इसी दौरान करीब 1:20 बजे सामने से आ रही प्लेटिना बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल लाटघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही लाटघाट चौकी इंचार्ज जाफर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस हादसे में प्लेटिना बाइक सवार आफताब आलम निवासी गोला गोरखपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है। मृतक के चचेरे भाई धर्मवीर की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने संबंधित बाइक और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक आदित्य राजभर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां चंद्रप्रभा राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
