






आजमगढ़। जहानागंज थाना परिसर में भीम आर्मी के मंडल महासचिव शोभा प्रसाद के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस कर्मियों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शोभा प्रसाद सोशल मीडिया पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां मौजूद दीवान ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर मारपीट की। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और घटना का बनाया गया वीडियो डिलीट कर दिया गया।
घटना की निंदा करते हुए भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट शेषनाथ राव ने कहा कि पुलिस ने शिकायत सुनने के बजाय दुर्व्यवहार किया और शोभा प्रसाद को थाने से भगा दिया। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी थी। आदित्य राज की शिकायत पर आदित्य सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया गया था।
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते मामला फिलहाल विवादित बना हुआ है।
