आजमगढ़ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला, बोले—संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे अनर्गल सवाल, पोस्टर विवाद पर कहा- सभी जानते हैं कि अतीक और मुख्तार जैसे अपराधियों को किसने संरक्षण दिया

Uncategorized

आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र के बाद बड़सरा खालसा में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पर उनके पिता स्व राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मतदाता सूची (एसआईआर) के मुद्दे पर सपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों को अनर्गल बताते हुए कहा कि विपक्ष नियम-कानून से नहीं चल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में केवल उन्हीं लोगों के नाम हटाए गए हैं, जो या तो मृतक हैं या स्थानांतरित हो चुके हैं, साथ ही कुछ घुसपैठियों के नाम भी हटाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी किसी का नाम छूट गया है तो उसके लिए फॉर्म-6 की सुविधा उपलब्ध है, जबकि संशोधन व विलोपन के लिए फॉर्म-7 और 8 भी भरे जा सकते हैं। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रही है और अपने समर्थकों को फॉर्म भरवाने के लिए प्रेरित नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठन वाली पार्टी है, जो बूथ स्तर तक सक्रिय है। जिन क्षेत्रों में भाजपा समर्थकों के नाम सूची से कटे हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें पुनः जुड़वाने का कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अभी भी लोगों के पास पर्याप्त अवसर है। धुरंधर पोस्टर विवाद पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे बड़े अपराधियों को किसने संरक्षण दिया, यह सभी जानते हैं।
महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण लागू किया गया, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी भाजपा का कमल खिलने जा रहा है। वहीं ओम प्रकाश राजभर द्वारा निषाद पार्टी की सीट मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन का विषय है और चुनाव के समय इस पर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *