






आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा व तेजापुर गांव के सिवान में दिन में लगभग 1:00 बजे गेहूं की खेत में अचानक आग लग गई। पछुवाँ हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से भरसानी गांव की तरफ बढ़ने लगी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांव के सैकड़ो लोग इकट्ठा होकर आग बुझाने में जुट गए। स्थानीय ट्रैक्टर चालक सोनू व नागेंद्र ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग की लपटों में ट्रैक्टर लेकर कूद पड़े और जुताई कर आग को गांव की तरफ बढ़ने से रोका। ग्रामीणों ने बताया कि दमकल व पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई समय पर नहीं पहुंचा, ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 नंबर पुलिस को भी दिया ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया तब तक कई किसानों का नुकसान हो चुका था। स्थानीय किसान ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मेरा 5 बीघा खेत काटकर खेत में ही पड़ा था जो जलकर बर्बाद हो गया, जिसमें 70 से 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। घर में खाने व पशुओं के चारा की किल्लत हो गई ।वही आग की चपेट में आए अन्य खेतों में नरेंद्र यादव तेजापुर ढाई बीघा ,सुरेंद्र यादव ढाई बीघा, सतीश पाठक डेढ़ बीघा, सोनी यादव डेढ़ बीघा समेत लगभग दो दर्जन से अधिक खेत में पड़े फसल अवशेष (भूसा) आग की चपेट में आ गए, गलीमत रही की इन किसानों का खेत कट चुका था केवल फसल अवशेष (भूसा) जलने से नुकसान हुआ है। आग बुझाने के बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां पहुंची लेकिन खेतों तक नहीं पहुंची जिससे स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई। लेखपाल सुनील मिश्रा ने बताया कि तेजपुर और लोहार के लेखपाल मौके पर पहुंचे लगभग 10 विभाग से ऊपर खेत जले हैं जिसमें केवल फसल अवशेष भूसा ही पड़े थे अनाज नहीं था एक लोहार निवासी व्यक्ति के अनाज जलने की सूचना है आकलन किया जा रहा है नुकसान की रिपोर्ट यूपी जिला अधिकारी महोदय को भेजी जाएगी। फायर ब्रिगेड कर्मी चालक राम प्रसाद ने बताया कि अतरौलिया क्षेत्र में दो जगह आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, पहली सूचना 11:00 और दूसरी सूचना 1:10 पर मिली है। सूचना मिलने के बाद अपनी क्षमता के मुताबिक गाड़ी घटना स्थल पर पहुंचती है। रास्ता व ट्रैफिक की वजह से लेट हो सकता है। सूचना मिलते ही गाड़ी तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हो जाती है गाड़ी को रोड से खेत में उतारने पर पलटने का डर रहता है।
