






आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव में एक 17 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल यादव (17) पुत्र मुन्नीलाल, जनता इंटर कॉलेज अंबारी में कक्षा 12 का छात्र था। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हायर सेंटर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने शरीर में जहर होने की आशंका जताई है। हालांकि, छात्र के शरीर में जहर कैसे पहुंचा, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद जनता इंटर कॉलेज अंबारी में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सोमवार को भेड़िया कुंवर नदी के तट पर छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है!!
