होटल में काम करने वाले असम के युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Uncategorized

आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के बौआपार मोड़ के पास स्थित एक होटल में काम करने वाले असम निवासी युवक की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के हजारेमलपुर गांव निवासी खजांची सरोज के रॉयल होटल में अजीत क्षेत्री (29) पुत्र बहादुर, निवासी जिला करबी आंगलोंग, थाना मंजिया (असम) बावर्ची के रूप में कार्य करता था। रविवार सुबह करीब 9 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की तबीयत पेट दर्द और दस्त के कारण बिगड़ी थी। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *