
अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)।** नगर पंचायत अतरौलिया के पुरवा निवासी ज्ञानेंद्र दुबे की आठ वर्षीय पुत्री कौमुदी दुबे ने नौवीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय कूडो चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और गांव का नाम रोशन किया है। गोरखपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में कौमुदी ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कक्षा पांच की छात्रा कौमुदी पिछले नौ-दस महीनों से अतरौलिया स्थित अल्टीमेट स्पोर्ट्स क्लब में कोच प्रियंव मिश्रा के मार्गदर्शन में कूडो का प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले वह जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। कम उम्र में उनकी इस सफलता को देखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कौमुदी ने कहा कि स्वर्ण पदक जीतकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। वह आगे भी मेहनत जारी रखते हुए बड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती हैं। उनके पिता ज्ञानेंद्र दुबे ने कहा कि बालिकाओं की आत्मरक्षा के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। अब उनका लक्ष्य बेटी को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
जूनियर हाईस्कूल अगया के प्रभारी प्रधानाध्यापक परमहंस यादव ने कहा कि सही मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण मिलने पर बच्चे कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। कौमुदी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के परमहंस यादव, विनोद कुमार पांडेय, यशपाल सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, अनूप कुमार सिंह, ओंकार सिंह, विनोद कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह और राज नारायण पांडेय सहित पिता ज्ञानेंद्र दुबे व चाचा देवेंद्र दत्त दुबे ने कौमुदी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
