






आजमगढ़। विदेश में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़ की ओर से सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के माध्यम से आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों को विदेश में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
सहायक निदेशक (सेवा0) राममूर्ति ने बताया कि सऊदी अरब में स्ट्रक्चर फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्निशियन, फैब्रिकेशन फोरमैन, फैब्रिकेशन सुपरवाइजर, वेल्डर समेत कई तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्लम्बर, टेक्निशियन, फैब्रिकेशन एवं स्ट्रक्चरल वेल्डर जैसे ट्रेड में आईटीआई और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 24 वर्ष से 48 वर्ष निर्धारित की गई है।
विदेश में नौकरी करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़ में पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
