बारात से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, टेऊंगा नहर के पास अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी बाइक

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। शादी समारोह से वापस घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर (अंबारी) गांव निवासी 32 वर्षीय संदीप यादव पुत्र शीतला प्रसाद यादव अपने मित्र संतोष यादव पुत्र कल्पनाथ यादव (21) के साथ फुलवरिया गांव में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे। देर रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वे टेऊंगा नहर के पास पहुंचे तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि संदीप यादव के सिर में गंभीर चोट लग गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ में मौजूद मित्र संतोष यादव ने तत्काल एम्बुलेंस और स्थानीय लोगों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल संदीप को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि संदीप यादव अपने परिवार में सबसे बड़े थे। दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े संदीप पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। वह अपने पीछे पत्नी और छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। पिता शीतला प्रसाद यादव सहित सभी परिजन गहरे सदमे में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि संदीप बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। गांव में उनकी अच्छी पहचान थी और वह हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। उनके असमय निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *