






गम्भीरपुर। चोरी की कई घटनाओं में शामिल संगठित गिरोह के फरार सदस्य और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, थाना निजामाबाद क्षेत्र में वर्ष 2024 के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इनमें घरों से नगदी, जेवरात तथा स्कूल के रसोईघर से गैस चूल्हा, सिलेंडर व अन्य सामान चोरी होने के मामले दर्ज किए गए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों का एक संगठित गिरोह है, जो आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके बाद थाना निजामाबाद में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में आरोपी रईस उर्फ लम्बू निवासी फरिहा लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 1 मई 2026 को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 मई 2026 को थाना गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने आरोपी को बिन्द्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट समेत चोरी के कई मुकदमे थाना निजामाबाद में दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, एसटीएफ प्रभारी रणेन्द्र कुमार सिंह सहित पुलिस और एसटीएफ के अन्य जवान शामिल रहे।
