इलाज में लापरवाही से महिला की मौत, डॉक्टर गिरफ्तार

Uncategorized

बरदह। इलाज में कथित लापरवाही के चलते महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खम्हौली निवासी सुरेन्द्र बिन्द ने थाना बरदह में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी पूनम बिन्द (32 वर्ष) के पेट में दर्द होने पर 7 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे उन्हें मुक्तिपुर स्थित डॉ. चन्द्रसेन यादव के क्लीनिक पर इलाज के लिए ले जाया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान हालत बिगड़ने पर परिजनों ने महिला को अन्य अस्पताल रेफर करने की बात कही, लेकिन डॉक्टर ने अपने यहां ही इलाज जारी रखा। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण महिला की मौत हो गई।
इस मामले में थाना बरदह पर मु0अ0सं0 159/26 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी डॉ. चन्द्रसेन यादव निवासी कदनापुर थाना दीदारगंज को सरायमोहन तिराहे से सुबह करीब 10:20 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेशचन्द्र यादव और कांस्टेबल रितेश कुशवाहा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *