
अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप में शनिवार को अतरौलिया थाने में एक पूर्व प्रधान के खिलाफ तहरीर दी गई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल है।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने थाना अतरौलिया पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चकचौबे (पलया) गांव निवासी पूर्व प्रधान हरिराम यादव उर्फ बागी ने 19 जून को फेसबुक पर ब्राह्मण समाज, पुजारियों तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नीरज तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई ऐसी टिप्पणियां न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि धार्मिक आस्थाओं का भी अपमान हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडे ने कहा कि किसी भी समाज, धर्म या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। वहीं गन्ना समिति बूढ़नपुर के चेयरमैन चंद्रजीत तिवारी ने कहा कि कथित टिप्पणियों से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
तहरीर देने वालों में चंद्रजीत तिवारी, नीरज तिवारी, वीरेंद्र पांडे, प्रवीण सिंह, आनंद तिवारी, घनश्याम पांडे, बृजेश पांडे, अंकित शुक्ला, प्रदीप पांडे, संदीप पांडे, राम पूजन तिवारी और प्रमोद पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: आरोपों की जांच अभी जारी है। पुलिस द्वारा किसी भी व्यक्ति की दोषसिद्धि की पुष्टि नहीं की गई है। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
