






आजमगढ़: महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। तिवारीपुर सिधारी स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मां’ विषय पर आधारित समूह नृत्य रहा, जिसमें बच्चों ने मां के त्याग, स्नेह और ममता को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति देखकर कई अभिभावक भावुक हो उठे।
विद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मां के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और करुणा के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मां बच्चे की पहली शिक्षक, पहली मित्र और सबसे बड़ी मार्गदर्शक होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य उन माताओं को सम्मान देना है, जो परिवार और बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के संस्कारों की पहली पाठशाला मां की गोद होती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, मीनाक्षी अस्थाना, दीपिका सिंह, किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल और प्रेमा यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
