कब्रिस्तान से दो दिन बाद निकाला गया अधेड़ का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में मृत अधेड़ के शव को रविवार को कब्रिस्तान से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार थार ने मोटरसाइकिल सवार शमशाद उर्फ गुड्डू (50 वर्ष) पुत्र फरियाद निवासी फरिहां को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।
बताया गया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया था। इसके बाद परिजनों ने अपने रीति-रिवाज के अनुसार शमशाद उर्फ गुड्डू के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया था।
इसी बीच मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को होने पर प्रशासन हरकत में आया। डीएम के आदेश पर रविवार दोपहर करीब 1 बजे निजामाबाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ कब्रिस्तान पहुंची टीम ने शव को कब्र से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस आजमगढ़ भेज दिया गया।
इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि परिजनों की सहमति से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *