आज़मगढ़ पब्लिक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड 12वीं के मेधावियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

Uncategorized

आजमगढ़: कोटिला चेक पोस्ट स्थित आज़मगढ़ पब्लिक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय परिवार द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय की छात्रा हाजरा नफीस ने 97% अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं रिया राज ने 95%, अर्शी आज़मी एवं दीक्षा यादव ने 94-94%, ज़िक्रा फिरोज, अफीफा अराफात एवं नश्रा बानो ने 93-93%, ईमान फातिमा ने 92%, मरयम नोमान, शिवम यादव एवं नूरसबा अंसारी ने 91-91% अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उनकी भूमिका की सराहना की गई। समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा।

विद्यालय प्रबंधक सी ए मोहम्मद नोमान ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि इसमें अभिभावकों के मार्गदर्शन एवं शिक्षकों के समर्पण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय तथा जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पंड्या ने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *