प्रधानमंत्री की अपील का असर: सीडीओ परीक्षित खटाना इलेक्ट्रिक स्कूटी से पहुंचे आवास से विकास भवन, ईंधन बचत के लिए सभी ब्लॉक और ग्राम स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील

Uncategorized

आजमगढ़। प्रधानमंत्री की इंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब सरकारी अधिकारियों के कार्यशैली में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में आजमगढ़ में तैनात तेजतर्रार आईएएस अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने पेट्रोल-डीजल वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग को बढ़ावा देते हुए एक नई पहल की है।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना शनिवार को अपने आवास से स्वयं इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर विकास भवन पहुंचे। इस दौरान उनके पीछे उनका शैडो भी बैठा दिखाई दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह पहल चर्चा का विषय बनी रही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से इंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई अपील में सभी की भागीदारी आवश्यक है। इसी सोच के साथ उन्होंने निर्णय लिया है कि आवास से कार्यालय तक की यात्रा अब इलेक्ट्रिक स्कूटी से ही करेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड भ्रमण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जाने के लिए फिलहाल अन्य वाहनों की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन जहां तक संभव होगा वहां इलेक्ट्रिक वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा।
सीडीओ ने विकास भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों, ब्लॉक स्तर के कर्मियों तथा ग्राम स्तरीय कर्मचारियों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग करें, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *