मोबाइल न मिलने पर 12 वर्षीय छात्र ने लगाई फांसी, मौत से परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के चौकी गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 12 वर्षीय बालक ने कथित रूप से मोबाइल फोन न मिलने पर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार चौकी गांव निवासी आयुष कुमार (12) पुत्र विजय राम मंगलवार शाम करीब चार बजे घर की छत पर गया और पंखे के हुक में दुपट्टे का फंदा बनाकर लटक गया। परिजनों की नजर पड़ते ही आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन बालक को घर लेकर आ गए। इसी दौरान परिवार वालों को लगा कि आयुष ने आंख खोली और थोड़ा पानी भी पिया, जिसके बाद वह फिर बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जौनपुर ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक एक बहन और एक भाई में सबसे छोटा था तथा कक्षा दो का छात्र बताया गया है। घटना के बाद मां रीना सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की बहन मोनिका ने बताया कि बरदह अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत बताकर घर ले जाने के लिए कहा था। घर पहुंचने पर उसने आंख खोली और पानी पिया, जिससे परिवार वालों को उम्मीद जगी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार मोबाइल फोन को लेकर बच्चे ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसकी मां मोबाइल लेकर खेत चली गई थी। मृतक के पिता सऊदी अरब में निजी काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *