खेत की सिंचाई करने गए किसान की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

अतरौलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोहरपुर गांव में बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गोहरपुर गांव निवासी अनिल सिंह (45) पुत्र स्वर्गीय रविंद्र सिंह बुधवार सुबह करीब छह बजे खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पर पहुंचे। वहां अनिल सिंह खेत में मृत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों के मुताबिक सिंचाई के दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी मधु सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक पुत्र अमन सिंह (24) और एक पुत्री मुस्कान (21) हैं।
पुत्र अमन सिंह ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह खेत की सिंचाई करने गए थे। काफी देर तक वापस न आने पर परिवार के लोग खेत पहुंचे, जहां वह करंट लगने से मृत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।
वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल सिंह भाजपा के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

आशीष कुमार निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *