






आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में साल्वर बनकर परीक्षा देने के मामले में वांछित एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल विहीन अभियान के तहत 6 मार्च 2025 को पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज, मुडहर ठेकमा में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। जांच में सामने आया था कि असली परीक्षार्थियों की जगह साल्वर आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर परीक्षा दे रहे थे।
मामले में यह भी पाया गया कि विद्यालय के प्रबंधक विजय तिवारी और प्रधानाचार्य बबिता तिवारी परीक्षार्थियों से अवैध धनराशि लेकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। मौके से कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में गम्भीरपुर थाने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान रश्मी बिन्द पुत्री रामफेर बिन्द निवासी संदहा, थाना मेहनगर का नाम प्रकाश में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी की टीम ने उसे उसके घर से सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्ता ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती के लिए माफी मांगी है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
