
आजमगढ़: मुबारकपुर पुलिस ने NH-128B आजमगढ़–मऊ मार्ग पर महिला की मौत के बाद चक्काजाम, उपद्रव और पुलिस से धक्का-मुक्की करने के मामले में वांछित आरोपी अनिल चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार सुबह रानीपुर पुलिया के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वह कहीं जाने की फिराक में खड़ा था।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को अबाड़ी हरैया बॉर्डर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत के बाद परिजन और अन्य लोग लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर आए थे। प्रदर्शनकारियों ने NH-128B को पूरी तरह जाम कर दिया था। इस दौरान ऑक्सीजन युक्त एम्बुलेंसों को रोककर उनके कर्मियों से अभद्रता और मारपीट की गई। रोडवेज बसों और अन्य वाहनों को भी रोककर चालकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा तोड़फोड़ का प्रयास किया गया।
जाम हटवाने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी प्रदर्शनकारियों ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौज की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट व सीटी डोरी तक तोड़ दी थी। मामले में उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खां की तहरीर पर मुबारकपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अनिल चौहान (27) पुत्र रामअवध चौहान, निवासी ग्राम सिही, पोस्ट राउतमऊ, थाना जहानागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
