मारपीट और रुपये छीनने के बाद पीड़ित को खौलते पानी के कड़ाहे में फेंका, गंभीर हालत में झुलसने के बाद कराया गया भर्ती, मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने मारपीट, लाठी-डंडे से हमला और रुपये छीनने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने जांच के दौरान अन्य नामजद आरोपियों की संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ लगाई गई धाराएं हटा दी हैं।
पुलिस के अनुसार थाना सरायमीर क्षेत्र के लेडुआवर बसालतगंज निवासी लालचन्द्र सोनकर पुत्र मुन्नीलाल सोनकर ने 18 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 17 मई की रात करीब 11 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आशीष उर्फ डिम्पल, अमन उर्फ सीबू, दिनेश और मुकेश ने उनके पुत्र वीरेन्द्र सोनकर के साथ गाली-गलौज, मारपीट और लाठी-डंडे से हमला किया। आरोप था कि आरोपियों ने उसे गर्म पानी के भगौने में डालने का प्रयास किया, 10 हजार रुपये छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 125/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान 20 मई को उपनिरीक्षक बासुदेव साहनी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर लोगों से पूछताछ की और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में आशीष कुमार गौतम उर्फ डिम्पल पुत्र रामसेवक निवासी लेडुआवर की संलिप्तता सामने आई, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका नहीं पाई गई। इसके बाद मुकदमे से धारा 3(5) और 309(4) बीएनएस हटा दी गई।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाज कराकर ऑटो से घर लौट रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिकरौर सहबरी-सरायमीर मार्ग पर चेकिंग के दौरान रात करीब 11:20 बजे आरोपी आशीष कुमार उर्फ डिम्पल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *