






बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव में पोखरे में डाली गई मछलियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरे को तोड़ने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पर दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में बलवा, मारपीट और SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पीड़ित उमेश सरोज पुत्र स्वर्गीय फिरतू सरोज निवासी सरायमोहन ने बरदह थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के मणिक बरनवाल के पोखरे में डाली गई मछलियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरे को 19 मई की रात करीब 8 बजे कुछ लोग तोड़फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने एक राय होकर उमेश सरोज और उनके भाइयों पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने पोखरे में डाली गई मछलियां, जाल, ट्यूबवेल पाइप और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर लगभग दो लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया।
मामले में थाना बरदह पर मु0अ0सं0 174/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा SC/ST एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार 21 मई को उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में दबिश दे रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी दोबारा एकत्र होकर किसी गंभीर वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संजू, दिवाकर, शनि, मोहन, प्रदुम्न, लाल बहादुर, मेवालाल, भोला, सोनू और रामप्रीत शामिल हैं। सभी आरोपी सरायमोहन गांव के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल, कांस्टेबल पंकज यादव, सुनील कुमार सरोज, रामचंदर, अभिषेक गुप्ता, सोनू यादव, शुभम कुमार मौर्या एवं महिला आरक्षी ऋषिता गुप्ता शामिल रहीं।
