





आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर भिटिया निवासी अब्दुल्ला ने 10 फरवरी को तहरीर देकर बताया था कि वह शाम करीब 6:30 बजे घर जा रहा था। इसी दौरान मोहम्मदपुर रोड स्थित कालिका ढाबा के पास स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसका INFINIX HOT 50S 5G मोबाइल फोन (एयरटेल सिम सहित) छीन लिया और फरार हो गए। इस मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बुधवार को उपनिरीक्षक परमात्मा यादव पुलिस टीम के साथ फरिहा चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनैती की घटना में शामिल युवक मोहम्मदपुर रोड की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मोहम्मदपुर रोड पुलिया के पास घेराबंदी कर बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर नहर की तरफ भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नितिन (19) पुत्र हौसिला प्रसाद और शिवम कुमार (18) पुत्र जयप्रकाश, निवासी ईश्वरपुर थाना गंभीरपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया INFINIX HOT 50S 5G मोबाइल, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो अन्य मोबाइल फोन और एक पर्स (जिसमें आधार कार्ड, एटीएम कार्ड व 350 रुपये) बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
