संदिग्ध हालत में विषाक्त पदार्थ के सेवन से महिला की मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में शुक्रवार देर रात गेहूं में रखे कीटनाशक के सेवन से 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, स्वान दल एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय चिकित्सालय आजमगढ़ भेज दिया।
जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के अंडिका गांव निवासी विद्यार्थी की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। धर्मेंद्र राजमिस्त्री का कार्य करता है। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि धर्मेंद्र शराब के नशे में आए दिन पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था।
बताया गया कि शुक्रवार देर शाम धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगा। आरोप है कि पति की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर महिला ने रात में कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और उल्टी होने लगी। आनन-फानन में आसपास के लोग उसे माहुल बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद धर्मेंद्र ने डायल 112 पुलिस को पत्नी की मौत की सूचना दी और शव को घर ले जाने लगा। बताया जा रहा है कि जैसे ही स्वजन शव लेकर निजामपुर-माहुल मार्ग पर पहुंचे, सामने पुलिस वाहन आता देख शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह, चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल तथा उपनिरीक्षक श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ देर बाद स्वान दल एवं फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक साक्ष्य जुटाए गए।
मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गई है। इनमें साक्षी (15 वर्ष), मीनाक्षी (12 वर्ष) और सागर (8 वर्ष) शामिल हैं। मृतका की बड़ी पुत्री एवं मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र आए दिन उसकी मां के साथ मारपीट करता था तथा घटना से करीब एक घंटे पहले भी उसने पत्नी की पिटाई की थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *