






आजमगढ़। थाना देवगांव क्षेत्र के रेतवा चंद्रभानपुर स्थित सरकारी शराब ठेके पर निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री किए जाने की शिकायत पर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ठेका संचालक पर ₹77,500 का चालान किया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत मिली थी कि देवगांव थाना क्षेत्र में स्थित शराब ठेका निर्धारित समय के बाद भी संचालित किया जा रहा है। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पाण्डेय एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित ठेका संचालक के विरुद्ध ₹77,500 का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस एवं आबकारी विभाग ने जनपद के सभी देशी और अंग्रेजी शराब ठेका संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि शासन द्वारा निर्धारित समय, नियम एवं शर्तों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री, अवैध संचालन अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा लगातार चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
