






आजमगढ़। सोशल मीडिया पर बाइक से खतरनाक स्टंट कर वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना गम्भीरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर उसकी मोटरसाइकिल सीज कर दी।
पुलिस के अनुसार डॉ० अनिल कुमार के निर्देश पर जनपद में बिना नम्बर प्लेट, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने एवं स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली, जिसमें एक युवक NH-28 हाईवे पर बाइक से खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए उ0नि0 विपिन कुमार द्विवेदी मय हमराह ने जांच की। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान साबिर अहमद पुत्र इम्तियाज निवासी ग्राम खिरयानी कमहरिया थाना तरवां के रूप में हुई। पुलिस ने शनिवार को उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया तथा प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उ0नि0 विपिन कुमार द्विवेदी, कांस्टेबल शिवराम सरोज तथा कांस्टेबल सर्वेश कुमार यादव शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए स्टंटबाजी जैसे खतरनाक कृत्यों से बचें।
