






आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र के बाकीपुर गांव में रविवार रात एक महिला की मृत्यु के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के दौरान रास्ते को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर शव यात्रा कुछ समय के लिए रुक गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामकिशुन यादव की माता कमला देवी का रविवार रात निधन हो गया था। परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहे थे, तभी गांव के ही धर्मेंद्र यादव द्वारा कथित रूप से सरकारी रास्ते से शव ले जाने का विरोध किया गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी देर की बातचीत के बाद अंततः शव यात्रा को उसी रास्ते से अंतिम संस्कार हेतु रवाना किया गया।
घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र यादव को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
