






आजमगढ़: बिलरियागंज बाजार से घर लौट रही महिला से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाशों का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया। चेकिंग के दौरान घेराबंदी होने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका नाबालिग साथी पुलिस संरक्षण में लिया गया। मौके से तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, लेडीज बैंग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 23 मई को महिला अपने घर लौट रही थी, तभी पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया था। पर्स में नगदी और मोबाइल फोन रखा था। घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश भागने लगे। रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 20 वर्षीय बदमाश फुजैल अहमद के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये, मोबाइल फोन, लेडीज बैंग और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल बदमाश पर चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मुठभेड़ में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
