भाजपा प्रशिक्षण शिविर में बार बालाओं के डांस का आरोप, सपा ने साधा निशाना, कहा: पेपर लीक, बिजली कटौती, बेरोजगारी आदि से नहीं है सरोकार

Uncategorized

आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि प्रशिक्षण शिविर के नाम पर एक विद्यालय परिसर में बार-बालाओं का नाच-गाना कराया गया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो राजनीतिक प्रशिक्षण नहीं बल्कि नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा हो। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भाजपा के जिले के शीर्ष नेता भी बार बालाओं के गानों की धुन पर ठुमके लगाते नजर आए।
अशोक यादव ने कहा कि भाजपा को पेपर लीक की घटनाओं से परेशान छात्रों, बेरोजगारी झेल रहे युवाओं और विद्युत कटौती से त्रस्त जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम भाजपा को अपने पूर्वज और सादगी के प्रतीक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की गरिमा का तो ख्याल रखना चाहिए था।
सपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि विद्यालय परिसर में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर उसकी मर्यादा को भी ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भाजपा मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ रही है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। भाजपा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *