






आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा और एक ऑटो वाहन बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ से गांजा लाकर बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना बिलरियागंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऑटो वाहन से अंजान शहीद की तरफ से गुलवा गौरी नहर मार्ग होते हुए जा रहे हैं और उनके पास बोरी में भारी मात्रा में गांजा मौजूद है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छिछोरी नहर ट्यूबेल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमरजीत पाण्डेय निवासी गोपालगंज, बिहार और हरेन्द्र कुशवाहा निवासी कुशीनगर के रूप में बताई। क्षेत्राधिकारी सगड़ी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें अमरजीत पाण्डेय के पास से 16 किलो 515 ग्राम तथा हरेन्द्र कुशवाहा के कब्जे से 10 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या BR28L1774 को भी कब्जे में ले लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे छत्तीसगढ़ से गांजा लाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री करने जा रहे थे।
इस मामले में थाना बिलरियागंज पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई है।
बरामदगी
- 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा
- एक ऑटो वाहन संख्या BR28L1774
गिरफ्तार आरोपी
- अमरजीत पाण्डेय निवासी गोपालगंज, बिहार
- हरेन्द्र कुशवाहा निवासी कुशीनगर
गिरफ्तारी करने वाली टीम
- थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र
- उपनिरीक्षक सुधीर पाण्डेय
- उपनिरीक्षक रतन सिंह पटेल
- हेड कांस्टेबल गांधी यादव
- कांस्टेबल छट्ठू साहनी
- आरक्षी आशीष यादव
- कांस्टेबल संजय सिंह
- कांस्टेबल आकाश सिंह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
