






आजमगढ़। थाना बरदह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग सवा सात लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से विद्यालयों से चोरी की गई 15 सोलर प्लेट, डिजिटल उपकरण, LED टीवी, गैस सिलेंडर समेत कई सामान बरामद हुए हैं। साथ ही एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी के 2000 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों द्वारा थाना बरदह में तहरीर दी गई थी कि 18 मई की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालयों के ताले तोड़कर छत पर लगे सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, CPU, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, LED टीवी, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 26 मई की रात क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पारा मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान एक वाहन में लादकर जौनपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर गोहहरा की तरफ से आ रही टाटा मैजिक वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम आदित्य सिंह, विपिन सिंह, राहुल राजभर, संदीप सरोज और रवि राव बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों निखिल सिंह और छोटू उर्फ हिमांशु सिंह के साथ मिलकर असवनिया स्थित विद्यालयों में चोरी की घटना को अंजाम दिया था और चोरी का सामान बेचने के लिए जौनपुर जा रहे थे।
जामा तलाशी के दौरान राहुल राजभर के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस और 2000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद रुपये थाना तरवां क्षेत्र स्थित सीवी इंटर कॉलेज से चोरी किए गए पैसों में बचे हुए हैं।
बरामद सामान में 15 सोलर प्लेट, एक इंडेन गैस सिलेंडर, एक ओकाया बैटरी, एक स्टेबलाइजर, एक CPU, एक LED टीवी, दो डिजिटल बोर्ड, एक माउस, एक जूट का रस्सा, घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन, एक तमंचा और एक कारतूस शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- आदित्य सिंह निवासी कमरिया थाना तरवां
- विपिन सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह
- राहुल राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह
- संदीप सरोज निवासी इरनी थाना बरदह
- रवि राव निवासी नमदारपुर थाना कन्धरापुर
गिरफ्तारी करने वाली टीम
- वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र मिश्रा
- उपनिरीक्षक रितेश खरवार
- हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव
- कांस्टेबल अजय पटेल
- कांस्टेबल देवब्रत वर्मा
- आरक्षी अजय चौधरी
- आरक्षी कृष्णा सिंह
- आरक्षी रामकैलाश निषाद
थाना बरदह, जनपद आजमगढ़
