सर्वोदय पब्लिक स्कूल में 99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, अनुशासित एवं राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित युवाओं का निर्माण ही एनसीसी का उद्देश्य — कर्नल दिनेश शर्मा

Uncategorized

आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-313) का शुभारंभ बुधवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में विधिवत रूप से किया गया। यह शिविर 26 मई से 4 जून तक संचालित होगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 500 एनसीसी कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि भारत की दूसरी रक्षा पंक्ति के रूप में पहचाने जाने वाले एनसीसी संगठन का उद्देश्य ऐसे अनुशासित, उच्च चरित्र एवं राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित युवाओं का निर्माण करना है, जो भविष्य में सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का गौरव बढ़ा सकें।

कर्नल दिनेश शर्मा ने कहा कि यह वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आगामी राष्ट्रीय स्तर के कैंपों के लिए योग्य कैडेटों के चयन एवं उन्हें रेजिमेंटल लाइफ और सैन्य अनुशासन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कैडेटों से शिविर के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और टीम भावना को अपनाने की अपील की।

उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी कैडेटों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने एवं आवश्यक सावधानियों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में उचित माध्यम से तत्काल सूचना देने को कहा।

कैम्प कमांडेंट ने अपने संबोधन में विश्वास व्यक्त किया कि शिविर की विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, परेड, सामूहिक अभ्यास और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों के माध्यम से सभी कैडेट बेहतर अनुभव एवं नई ऊर्जा के साथ शिविर से लौटेंगे।

इस अवसर पर एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय, ट्रेनिंग ऑफिसर कैप्टन इंद्रजीत, कैम्प क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार सहित जेसीओ, एनसीओ, पीआई स्टाफ एवं विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *