ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति स्थापित अंबेडकर प्रतिमा हटाई गई, 18 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर शुरू हुई कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुस्लिम पट्टी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति स्थापित की गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को प्रशासन ने हटवा दिया। इस मामले में पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 5 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले गांव में कुछ लोगों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और प्रतिमा को स्वयं हटाने के लिए कहा, लेकिन ग्रामीण इसके लिए सहमत नहीं हुए।
प्रशासन का कहना है कि शासनादेश के अनुसार किसी भी सार्वजनिक स्थल या ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, प्रतिमा के आसपास अन्य समुदाय की भूमि होने के कारण भविष्य में विवाद की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने इसे संवेदनशील मामला माना।
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात निजामाबाद पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध भी किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है। थाना अध्यक्ष निजामाबाद ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *