






आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर चितरावल गांव में मामूली मजाक को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जानलेवा हमले में बदल गया। घटना में दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक ईंट भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 मई की रात गांव में पूर्व में हुए मजाक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दीपक और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने 29 मई की रात करीब 11:15 बजे ग्राम खानपुर चितरावल में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में धर्मेन्द्र पुत्र राजकुमार, दीपक पुत्र भारत, मोनू पुत्र घनश्याम तथा चन्दन पुत्र घनश्याम शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक ईंट बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पहले भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
फूलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
