मोबाइल चोरी गिरोह पर शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को थाना बिलरियागंज पुलिस टीम क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास से गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त मो. गुड्डू पुत्र मो. हाशिम निवासी अलाउद्दीनपट्टी, थाना बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मो. गुड्डू मोबाइल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। इसी आधार पर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी फरार चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में आबकारी अधिनियम, चोरी, आयुध अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बिलरियागंज पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *