आजमगढ़ में UP ATS की छापेमारी, भारत में आतंक फैलाने की साजिश रच रहे पाकिस्तान के शहजाद भट्टी गैंग के मोहम्मद शेख को पिस्टल संग गिरफ्तार, एक नेत्री की हत्या का था टारगेट

Uncategorized

आजमगढ़: यूपी एटीएस ने आजमगढ़ में छापेमारी करते हुए भारत के खिलाफ आतंक फैलाने वाले मोहम्मद शेख को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को सूचना प्राप्त हो रही थी कि पाकिस्तान भारत में आतंक फैलाने व भारत की सम्प्रभुता, एकता एवं अखण्डता को खतरे में डालने के लिये ISI व आतंकवादी संगठनों से मिलकर शहजाद भट्टी नाम के पाकिस्तानी गैंगस्टर के आतंकी नेटवर्क का सहयोग लेकर भारत के युवकों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से जोड़कर उनको पैसे का लालच देकर व उनके धार्मिक भावनाओं को भड़काकर स्लीपर सेल के रूप में आतंकी गतिविधियाँ करवाने के लिए उन्हें रेडिकलाइज किया जा रहा है, जो भारत में कभी भी कोई गंभीर आतंकवादी घटना घटित कर सकते हैं, जिससे देश की एकता, अखण्डता एवं संप्रभुता को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
उक्त षड्यंत्र के तहत इस आतंकी गैंग द्वारा कुछ व्यक्तियों एवं संस्थानों की रेकी करने, उनकी हत्या करने व राजनीतिक पार्टी के कार्यालय को बम से उड़ाने, सुरक्षा एजेंसियों के व्यक्तियों की हत्या करने तथा उनके कार्यालय/मुख्यालय पर हमला करने जैसे विधि विरुद्ध क्रिया-कलाप के लिए उकसाया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक सर्विलांस व पतारसी सुरागरसी के माध्यम से विकसित किया गया तो एक युवक मो. शेख पुत्र रेहान अहमद निवासी खुदादादपुर, पोस्ट संजरपुर, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ प्रकाश में आया जो शहजाद भट्टी के आतंकी गैंग से उनके पाकिस्तानी, दुबई के मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप के माध्यम से व उनके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़कर व उनके विचारधारा से पूर्णतया प्रभावित होकर जेहाद की बातें कर रहा था तथा अपने साथियों एवं अन्य लोगों को भी इस आतंकी गैंग में सम्मिलित कर विधि विरुद्ध कार्य करने के लिए प्रेरित कर रहा था। मो. शेख को शहजाद भट्टी के अलावा उसके गैंग के अजमल गुजर और रजा पाकिस्तानी द्वारा हैंडल किया जा रहा था।
राजनीतिक पार्टी की नेत्री की हत्या का मिला था टारगेट
शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क द्वारा मोहम्मद शेख को दी गई जिम्मेदारी— शहजाद भट्टी गैंग के हैंडलरों द्वारा मोहम्मद शेख को ट्रायल के तौर पर एक अन्य राज्य की एक राजनीतिक पार्टी की नेत्री को धमकाने एवं उनकी हत्या करने तथा उसके बाद किसी बड़े मिशन में शामिल किए जाने हेतु प्रेरित किया गया था। मोहम्मद शेख शहजाद भट्टी गैंग द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए खुद को तैयार करते हुए एक अदद पिस्टल 9 एमएम एवं 4 कारतूस की व्यवस्था कर चुका था और उसका जल्द ही उपरोक्त नेत्री की हत्या किए जाने का प्लान था। मो. शेख अपने आस-पास के युवकों को भी शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ने को प्रेरित किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *