



आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में ताना मारने के विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए मामले में अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्भीरपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को अनुज मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय सूरज मोदनवाल निवासी रानीपुर रजमो (बिन्द्रा बाजार) ने थाना गम्भीरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 18 मई की रात करीब 10:30 बजे पड़ोसियों ने ताना मारने की बात को लेकर उनके पिता सूरज मोदनवाल पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया था।
हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज मोदनवाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान गम्भीरपुर पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे विषहम मोड़ के पास से मुकदमे में वांछित आरोपी गोलू उर्फ रंजीत मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय शिवलाल निवासी रानीपुर रजमो (बिन्द्रा बाजार), थाना गम्भीरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 124/2026 में धारा 105, 115(2), 352, 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सर्वेश यादव, रि. कांस्टेबल अन्तेष पाण्डेय तथा रि. महिला कांस्टेबल अंजू जायसवाल शामिल रहीं।
