सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, जेवरात व नकदी लेकर फरार; सुबह टूटा मिला बक्सा, चोरी का मंजर देख उड़े परिजनों के होश, लोगों में दहशत, पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दौलतपुर गांव निवासी मीना देवी के अनुसार, गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे में रखे बक्से की सिटकनी तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
शुक्रवार सुबह जब मीना देवी साफ-सफाई के लिए उठीं तो उनकी नजर बक्से पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बक्से की सिटकनी टूटी हुई थी, जबकि ताला बंद था। बक्सा खोलकर देखा तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
पीड़िता के अनुसार, चोर दो जोड़ी चांदी की पायल, गले का मंगलसूत्र, कान की झाली, नथिया और करीब एक हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र चोरी का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *