दिल्ली में मोबाइल चोरी, आजमगढ़ घर पहुंच सिम एक्टिवेट करते ही खाते से 1.15 लाख रुपये निकलने का संदेश, पुलिस ने 5 हजार रुपये वापस कराए

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर फ्रॉड के जरिए निकाले गए 1.15 लाख रुपये में से पुलिस की तत्परता से पांच हजार रुपये वापस खाते में पहुंचाए गए हैं। शेष 95,653.61 रुपये की धनराशि को भी पुलिस ने फ्रॉड करने वालों के खातों में होल्ड कराया है, जिसे प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई की जा रही है।
रौनापार थाना क्षेत्र निवासी जगदीश भारती का मोबाइल फोन 13 अप्रैल 2026 को दिल्ली में चोरी हो गया था। इसके बाद वह 17 अप्रैल को गांव लौटे और नया सिम प्राप्त किया। सिम चालू होने के बाद उसी शाम उनके बैंक खाते से साइबर फ्रॉड के जरिए कुल 1,15,090 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने घटना की जानकारी 18 अप्रैल को रौनापार थाने में देते हुए साइबर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33104260085818 के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
शिकायत मिलने के बाद आजमगढ़ साइबर टीम ने संबंधित बैंकों से ई-मेल और फोन के माध्यम से समन्वय स्थापित किया। पुलिस की कार्रवाई के चलते फ्रॉड की गई रकम में से 95,653.61 रुपये को फ्रॉडस्टरों के विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया गया।
पुलिस के अनुसार होल्ड धनराशि में से पांच हजार रुपये एमआरएम पोर्टल के माध्यम से दो अक्टूबर को पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए हैं। शेष धनराशि की वापसी के लिए संबंधित प्रक्रिया पूरी कर एमआरएम पोर्टल पर अपडेट मिलने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद बाकी रकम भी पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना रौनापार की साइबर टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *