
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ जाने वाली करीब 20 वाहनों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई भंवरनाथ चौराहे से लेकर सेहदा क्षेत्र तक की गई।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 7 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अर्टिगा, वैगनार, स्विफ्ट डिजायर समेत करीब 20 वाहनों को सीज कर कंधरापुर थाने में खड़ा कराया गया। अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों और स्वामियों में हड़कंप मच गया।
कुछ वाहन स्वामियों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे अपने परिवार के साथ निजी कार्य से लखनऊ जा रहे थे, इसके बावजूद उनकी गाड़ियों को सीज कर दिया गया। वाहन मालिकों का आरोप है कि उन्हें कार्रवाई का स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया।
संयुक्त चेकिंग अभियान में कंधरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं प्रभारी यातायात निरीक्षक गुलाबधर यादव, उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद साहनी, मुख्य आरक्षी अखिलेश सिंह, महेंद्र कुमार सहित पुलिस एवं यातायात विभाग के अन्य कर्मियों ने भी अभियान में भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यातायात नियमों के पालन, वाहन दस्तावेजों की जांच तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: बबलू राय, बलरामपुर/पटवध, आजमगढ़
