
पटवध/बिलरियागंज से बबलू राय (आजमगढ़)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर-छिहीं मार्ग पर अकटहिया गांव के पास सड़क किनारे एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को राहगीरों ने अकटहिया गांव के समीप सड़क किनारे लगभग 58 वर्षीय एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बिलरियागंज पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक देखने में मजदूरी करने वाला व्यक्ति प्रतीत हो रहा है। उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत भीषण गर्मी, लू लगने अथवा हृदयाघात के कारण हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान न होने के कारण शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
बिलरियागंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के संबंध में जानकारी रखता हो अथवा उसकी पहचान कर सकता हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
