
आजमगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के स्काउट्स एवं गाइड्स दल की कलर पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का भव्य स्वागत किया। मंत्री गंभीरवन क्षेत्र में नवनिर्मित आरटीओ भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे।
इस अवसर पर विद्यालय की कलर पार्टी ने अनुशासन और स्काउटिंग भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंत्री को सम्मानपूर्वक नए आरटीओ भवन तक एस्कॉर्ट किया। विद्यार्थियों की सुसज्जित एवं अनुशासित प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलर पार्टी का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स) अवधेश यादव, जिला आईटी कोऑर्डिनेटर (स्काउट्स) अजय यादव तथा आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के यूनिट लीडर मोहम्मद शाहिद ने किया। वहीं ट्रेनिंग काउंसलर आदर्श, दिव्यांशु, आंशिक यादव, अंजली और मोनू ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में विक्रांत सिंह, ध्रुव सिंह सहित परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर को अपने लिए गौरवपूर्ण बताते हुए सभी अतिथियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन का कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
