
आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा, योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य तथा को-ऑर्डिनेटर आनंद मौर्य ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य ने योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों का क्रमबद्ध अभ्यास कराया। उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। साथ ही सभी से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही जीवन की सफलता का आधार हैं। उन्होंने योग दिवस के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य को विशेष धन्यवाद दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
