
आजमगढ़। करतालपुर बाइपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
योगाभ्यास का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
रविंद्र कुमार ने बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग विश्व की अग्रणी आध्यात्मिक एवं मानवीय संस्थाओं में से एक है, जो योग, ध्यान, प्राणायाम एवं मानवीय मूल्यों के माध्यम से तनावमुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, संयमित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। वहीं प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ एवं सुखी जीवन का आधार बन गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार बताते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर आत्मिक शांति प्रदान करता है। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि योग विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास करता है और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक पौधरोपण तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक शपथ भी ली। वक्ताओं ने स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण की आवश्यकता पर बल दिया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार, उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक संतोष कुमार दुबे ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर जी.के. त्रिपाठी, सुमन यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
