
आजमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित योग शिविर में प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश एहसान उल्लाह खान ने अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के साथ योग किया। इस अवसर पर आशीष मिश्रा एडवोकेट ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश एहसान उल्लाह खान ने कहा कि योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि आध्यात्मिक एवं आत्मिक चेतना का भी विकास होता है।
योग शिविर में बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश सिंह पाराशर, अरिमर्दन सिंह, अम्बरीष अग्रवाल, विजय बहादुर सिंह, विभा सिंह, नीतू सरोज, प्रियंका, जोया खान, रागिनी एडवोकेट सहित न्यायालय के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं दीवानी न्यायालय के हाल ऑफ जस्टिस में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भी योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीतिका राजन ने बताया कि जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह, मुंसिफ हवेली रविकांत, न्यायिक मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, वीनस कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
