
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र से लापता युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर जहानागंज थाना क्षेत्र स्थित बड़ैला ताल से युवती का कंकाल और उसके कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार नई गांव निवासी गीता देवी ने 19 जून को थाना मेंहनगर में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री ममता राजभर 22 मई की रात से लापता है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले में पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर जलालपुर निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा की संलिप्तता सामने आई। जांच आगे बढ़ने पर अपहरण का मामला हत्या में तब्दील होने के प्रमाण मिले, जिसके बाद मुकदमे में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने 20 जून को आरोपी मनोज यादव उर्फ मुरहा (25) को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या कर शव को बड़ैला ताल क्षेत्र में छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से घिरे स्थान से युवती के शव के अवशेष बरामद किए। काफी समय बीत जाने के कारण शव कंकाल में बदल चुका था। मौके से युवती के कपड़े भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य तथ्यों की जांच और साक्ष्य संकलन का कार्य जारी है।
इस संबंध में थाना मेंहनगर में धारा 87, 103(1), 238(ख) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
घटना के खुलासे और गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार, उपनिरीक्षक तुषार त्रिपाठी सहित मेंहनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
