
आजमगढ़। तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चेकिंग के दौरान दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही करीब 50 लाख रुपये कीमत की फॉरच्यूनर कार बरामद करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। बरामद वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण दिल्ली का पाया गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 226.3 किलोमीटर स्टोन के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की फॉरच्यूनर को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोईजम नटराज सिंह पुत्र तोईजम निमाई सिंह निवासी वांग्खेई थम्बाल खोंग, जनपद इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में बताई। जांच में पता चला कि वाहन चोरी का है और उस पर पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका संपर्क दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति से एक मैसेजिंग ऐप के माध्यम से होता था। अमित चोरी की गाड़ियां उपलब्ध कराता था, जिन्हें वह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरुल जिले में सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था। प्रत्येक वाहन की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले वह दो अन्य वाहन भी दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का मामला प्रतीत हो रहा है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने बरामद फॉरच्यूनर को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
