
अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद। स्थानीय क्षेत्र स्थित अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब अस्पताल में प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था से प्रतिदिन लगभग 50 से 70 मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात अल्ट्रासोनोलॉजिस्ट डॉ. शिवा सिंह की ड्यूटी सप्ताह में तीन दिन 100 शैय्या अस्पताल में लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी। यदि निर्धारित समय में अवसर मिला तो अन्य मरीजों का भी अल्ट्रासाउंड किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुविधा का लाभ मिल सके।
शुक्रवार तक बहाल होगी डिजिटल एक्स-रे सेवा
डॉ. सिन्हा ने बताया कि अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे सेवा तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल बाधित है। मशीन से जुड़े कंप्यूटर और सीपीयू में खराबी आने के बाद संबंधित कंपनी ‘साइरस’ को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार आवश्यक कलपुर्जा केरल से भेजा जा चुका है और इंजीनियरों की टीम आगामी शुक्रवार तक इसे स्थापित कर सेवा को पुनः शुरू कर देगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की और भरोसा दिलाया कि सभी स्वास्थ्य सेवाएं जल्द ही पूरी तरह सुचारु कर दी जाएंगी।
