शॉर्ट सर्किट से कंपोजिट विद्यालय में लगी आग, महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर राख

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के आराजी देवारा करखिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण विद्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर राख हो गए। आग की घटना में कार्यालय में रखे लगभग 80 प्रतिशत रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य अभिलेख नष्ट हो गए।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कृपाशंकर पटेल ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे विद्यालय बंद होने के बाद सभी शिक्षक अपने-अपने घर चले गए थे। लगभग आधे घंटे बाद गांव के एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि विद्यालय के कार्यालय कक्ष से धुआं निकल रहा है और आग लग गई है। सूचना मिलते ही उन्होंने अन्य शिक्षकों को अवगत कराया और तत्काल विद्यालय पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर देखा कि गांव के बड़ी संख्या में लोग पहले से मौजूद थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार्यालय का ताला तोड़ दिया और पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते ग्रामीण आग नहीं बुझाते तो नुकसान और अधिक हो सकता था।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि कार्यालय में रखी लोहे की आलमारी के ऊपर लगे पावर बोर्ड, एमसीबी और विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। आग की चपेट में आने से पावर बोर्ड, आलमारी और उसमें सुरक्षित रखे विद्यालय के महत्वपूर्ण रजिस्टर, रिकॉर्ड तथा अन्य अभिलेख जल गए। विद्यालय प्रशासन के अनुसार करीब 80 प्रतिशत दस्तावेज आग में नष्ट हो गए हैं।
घटना के संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने गुरुवार शाम रौनापार थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर इत्तेफाकिया की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दयाशंकर सोनकर को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *